मध्यप्रदेश के खिलाफ क्वार्टफाइनल मैच जीतने के बाद जम्मू-कश्मीर टीम जश्न मनाते हुए।
- फोटो : जेकेसीए
जम्मू-कश्मीर ने सोमवार को रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में पूर्व चैंपियन मध्यप्रदेश को 52 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। जम्मू-कश्मीर की टीम ने 66 साल बाद रणजी ट्राॅफी के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वर्ष 1960 में जम्मू-कश्मीर की टीम पहली बार रणजी ट्राॅफी खेली थी। तब से अब तक सेमीफाइनल तक का सफर तय नहीं कर सकी थी। टीम का प. बंगाल के साथ 15 से 19 फरवरी के बीच सेमीफाइनल मुकाबला होगा।
सोमवार को मैच के चौथे दिन मध्यप्रदेश को जीत के लिए 204 रन की दरकार थी जबकि जम्मू-कश्मीर को पांच विकेट की। पांच विकेट पर 85 रन से आगे खेलते हुए मध्यप्रदेश के बल्लेबाजों ने संघर्ष तो किया लेकिन पूरी टीम 234 रनों पर सिमट गई। जम्मू-कश्मीर की जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज आकिब नबी का पूरे मुकाबले में दबदबा रहा। पहली पारी में सात विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में भी उन्होंने टीम को निराश नहीं किया और 24 ओवर की गेंदबाजी में 70 रन देकर पांच विकेट झटके। आबिद मुश्ताक ने तीन विकेट जबकि सुनील कुमार और युद्धवीर सिंह ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।