अगर आपने 12 पास कर लिया है या बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं, तो आपके पास अब आईआईएम जम्मू में पढ़ने का शानदार मौका है। आईआईएम जम्मू 12वीं के बाद छात्रों को ये सुनहरा मौका दे रहा है। आईआईएम ने इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनेजमेंट (आईपीए) शुरू किया है। इसके तहत किसी भी विषय में 12वीं पास स्टूडेंट एडमिशन ले सकता है। इस पूरी प्रक्रिया से विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए आईआईएम जम्मू की ओर से रविवार को एक वेबिनार भी आयोजित किया जाएगा।
इसमें विशेषज्ञ छात्रों के प्रश्नों के उत्तर देंगे। वेबिनार सुबह 11 बजे शुरू होगा। इसमें आईआईएम जम्मू में संचालित पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में दाखिले के लिए निर्धारित योग्यता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) में संचालित पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित करेगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: मढ़ में मरम्मत कार्य पूरा होने के तीन माह बाद भी नहीं खोला पुल
इसमें निर्धारित योग्यता मानदंडों के अनुसार उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से आर्ट्स, कॉमर्स या साइंस स्ट्रीम में न्यूनतम 60 फीसदी अंकों के साथ 10+2 परीक्षा वर्ष 2019 या 2020 में उत्तीर्ण होना जरूरी है। इस वर्ष की 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उन्हें 10वीं में कम से कम 60 फीसदी अंक प्राप्त हुए होने चाहिए।