घाटी से कुछ युवक पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में घुसने की कोशिश कर रहे थे जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार एक साथ चार युवकों को पीओके की तरफ जाते देखा गया जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। वहीं चारों युवकों से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी बारामुला द्वारा इस बात की पुष्टि भी कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: सिख अल्पसंख्यक मंच के प्रतिनिधिमंडल ने उप-राज्यपाल से की मुलाकात, इन मांगों को लेकर दिया विज्ञापन
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में गुरुवार देर रात से आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों को मार गिराया है। साथ ही आतंकियों के एक मददगार का भी खात्मा हुआ है। वहीं, एक जवान शहीद हो गया है। दोनों तरफ से गोलीबारी चल रही है। इस ऑपरेशन को सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम अंजाम दे रही है। जिसमें पुलिस, सीआरपीएफ और सेना की 44-आरआर(राष्ट्रीय राइफल्स) शामिल है।
कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार ने बताया कि पुलवामा के हाजिन राजपोरा इलाके में यह मुठभेड़ चल रही है। जिसमें लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों का खात्मा किया जा चुका है। अभी ऑपरेशन जारी है। आईजी के बयान के कुछ ही देर बाद एक और आतंकी एवं आतंकियों के एक मददगार को मार गिराने में सुरक्षाबलों ने कामयाबी पाई है।
बता दें कि हाजिन राजपोरा इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना खुफिया एजेंसियों को मिली थी। जिसके बाद देर रात ही सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और आतंकियों से सरेंडर करने के लिए कहा।
आतंकियों ने सरेंडर करने के बजाय सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलीबारी में एक जवान घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जवान ने दम तोड़ दिया। सुरक्षाबलों ने चार आतंकियों और उनके एक मददगार को मार गिराया है, जिनकी अभी शिनाख्त नहीं हुई है।