अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कालर से हिजबुल मुजाहिदीन का कमांडर बना मन्नान बशीर वानी वीरवार को साथी समेत उत्तरी कश्मीर में मुठभेड़ में मारा गया। आपरेशन में दो जवान घायल भी हुए हैं। मुठभेड़ स्थल से हथियार व गोला बारूद भी बरामद किया गया है। उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा में मुठभेड़ शुरू होते ही हिंसा भड़क उठी। स्कूल-कालेज बंद कर दिए गए। मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप करने के साथ ही रेल सेवा भी स्थगित कर दी गई।
हंदवाड़ा के शाटगुंड इलाके में मन्नान वानी के दो साथियों के साथ मौजूद होने की सूचना पर सुरक्षा बलों ने घेराबंदी की थी। राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और एसओजी ने घेराबंदी सख्त करते हुए आतंकियों को समर्पण का मौका दिया। कई बार लाउड स्पीकर से आतंकियों को समर्पण के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने समर्पण करने के बजाय फायरिंग कर घेराबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकियों को मार गिराया गया। बाद में इनकी शिनाख्त कुपवाड़ा के तकीपोरा के मन्नान बशीर वानी और तुलवारी लंगेट के आशिक हुसैन जरगर के तौर पर की गई।