जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराने में कामयाबी हासिल की है। वहीं आतंकियों से मोर्चा लेते हुए भारतीय सेना का एक जवान भी शहीद हो गया है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि अभी कुछ और आतंकी जंगलों में छिपे हो सकते हैं।
जानकारी के अनुसार बांदीपोरा जिले में पनार के जंगलों में सुरक्षाबलों को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने जंगल को घेर लिया और आतंकियों की तलाश शुरू कर दी। खुद को घिरता देख आतंकियों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।
हालांकि जवानों ने आतंकियों की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हें घेरे रखा। दोनों ओर से कुछ घंटो तक चली गोलीबारी के बाद दो आतंकी मारे गए। जबकि भारतीय सेना का एक जवान भी शहीद हो गया।
आपको बता दें कि पनार के जंगलों में सुरक्षाबलों ने पिछले छह दिनों से सर्च ऑपरेशन चला रखा है। पिछले छह दिनों में कई बार आतंकियों से मुठभेड़ हुई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गुरुवार तड़के एक बार फिर से सुरक्षाबलों और आतंकियों में मुठभेड़ हुई।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। जिसमें दो एके-47, नौ मैग्जीन, 1804 राउंड बुलेट, तीन हैंड ग्रेनेड, एक जीपीएस, एक कंपास, दो मोबाइल फोन, दो बैटरी, ग्यारह हजार रूपए की भारतीय करेंसी व अन्य कई चीजें बरामद हुई।
सीमा पर तैनात जवान
- फोटो : File Photo
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के गश्ती दल पर पाकिस्तानी रेंजरों ने घात लगाकर गोलाबारी की। इसमें बीएसएफ के सहायक कमांडेंट सहित चार जवान शहीद हो गए। तीन अन्य घायल हो गए।
सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर के चमलियाल बार्डर की नारायणा पोस्ट पर यह घटना मंगलवार देर रात की है। बीएसएफ के जवान इस क्षेत्र में बंकर बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान को लेकर जा रहे थे। तभी पाकिस्तानी रेंजर ने अशरफ पोस्ट से स्नाइपर से फायर किया।
इसमें एएसआई राम निवास घायल हो गया। राम निवास को बचाने के लिए जब सहायक कमांडेंट जतिंदर सिंह अन्य टीम के साथ पहुंचे तो पाकिस्तानी रेंजरों ने उन्हें घेरे में ले लिया।
indian army
बताया जाता है कि पाकिस्तानी रेंजर फेंसिंग के बिल्कुल नजदीक पहुंच चुके थे। उन्होंने ताबड़तोड़ गोलाबारी शुरू कर दी। साथ ही एंटी गाइड मिसाइल से हमला किया।
इसमें कमांडेंट सहित सब इंस्पेक्टर रजनीश कुमार और सिपाही हंस राज शहीद हो गए। जबकि राम निवास की अस्पताल में आकर मौत हुई। बीएसएफ ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। सहायक कमांडेंट राजस्थान के जयपुर, सब इंस्पेक्टर रजनीश कुमार उत्तर प्रदेश के एटा, सिपाही हंस राज राजस्थान के अलवर और एएसआई राम निवास सिकर राजस्थान के रहने वाले थे।
दर्ज कराई आपत्ति
बीएसएफ ने पाकिस्तान के पास इस मामले में आपत्ति दर्ज कराई है। फ्लैग मीटिंग होने के बावजूद इस तरह की कायराना घटना को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है।
पाकिस्तान सीजफायर का सम्मान नहीं करता
बीएसएफ के एडीजी केएन चौबे ने बताया कि बीएसएफ अपना सामान इकट्ठा कर रही थी। तब पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर तोड़ा गया। पाकिस्तानी रेंजरों ने मोर्टार से फायर किया। चमलियाल पोस्ट को टारगेट किया। बीएसएफ ने हमेशा ही सीजफायर का सम्मान किया है, लेकिन पाकिस्तान नहीं करता। पाकिस्तान से इसका बदला कैसे लेना है। यह हमारा काम है। वक्त और दिन हम तय करेंगे।