जम्मू में आज प्रशासन ने शहर के हालात सामान्य होने के बाद दिन का कर्फ्यू हटा दिया है। एहतियात के तौर पर रात को कर्फ्यू जारी रहेगा। आज से सभी स्कूल खुल गए हैं, शेड्यूल के मुताबिक परीक्षाएं होंगी। सभी प्रकार के यात्री वाहनों को चलने की अनुमति दे दी गई है।
आज सुबह सात बजे से कर्फ्यू में ढील दी गई, जो 2 बजे तक जारी रहेगी। साथ ही धारा 144 के तहत प्रतिबंध अभी भी लगाया गया है। सभी शराब की दुकानें और बार बंद हैं।
उपायुक्त रमेश कुमार और एसएसपी तेजेंद्र सिंह ने बुधवार को संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि जम्मू शहर में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को चरणबद्ध तरीके से दी गई ढील दी गई थी। इस दौरान सभी इलाकों में हालात सामान्य रहे।
कहीं से किसी भी प्रकार की कोई घटना सामने नहीं आई। इसके बाद दिन का कर्फ्यू हटा दिया गया है। जबकि रात 8 बजे से सुबह सात बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। स्कूल खोल दिए गए हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर कालेज बंद रहेंगे। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक यात्री वाहनों को सुचारु तरीके से चलाया जाएगा।