जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ की कोशिश नाकाम की है, साथ ही मादक पदार्थों के 58 पैकेट और दो पिस्तौल बरामद की हैं।
सीमा सुरक्षा बल के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध तस्करों ने शनिवार और रविवार की रात आरएसपुरा सेक्टर के अरनिया इलाके में घुसपैठ की कोशिश की, जिसे सीमा सुरक्षा बल ने नाकाम कर दिया।
उन्होंने कहा कि बुधवार और बुल्लेचक सीमा चौकियों के सैनिकों की नजर अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट कुछ पाकिस्तानियों की संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी। वे अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
इस पर बीएसएफ ने गोलीबारी की और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। उन्होंने बताया कि आज सुबह सघन तलाशी के दौरान मादक पदार्थों के 58 पैकेट, दो पिस्तौल, चार मैग्जीन और कुछ गोला बारूद बरामद किया गया है।