नाले में बरामद हुई थी लूटी हुई एटीएम मशीन, नगद था गायब
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू के शामचक क्षेत्र से जेके बैंक की शाखा परिसर से एटीएम उखाड़ लेने और नकदी चुरा लेने के आरोप में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच कश्मीर और एक हरियाणा का बताया जा रहा है। आरोपियों से लूटे गए करीब 11 लाख में से आठ लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। उनसे दो गाड़ियां बरामद की गई हैं। एक छोटा जेनसेट और कटर भी मिला है। कानाचक पुलिस पूछताछ कर रही है। आशंका है कि आरोपियों का आतंकी कनेक्शन भी हो।
वारदात चार जनवरी को तीन बजे हुई थी। शामचक स्थित जेके बैंक की गुड़ा सिंघू शाखा के परिसर में लगी एटीएम को चोर उखाड़ ले गए थे। उसे काटकर नकदी चुरा ली। क्षतिग्रस्त एटीएम अखनूर के चौकी चौरा क्षेत्र से बरामद हुई थी। पुलिस ने जेके बैंक प्रबंधन से इसकी जानकारी ली और पता चला कि इसमें 10 लाख 92 हजार रुपये थे। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
कुछ सूचना हाथ लगने के बाद सांबा और कठुआ पुलिस से भी संपर्क किया गया। शनिवार की रात को पुलिस ने सांबा और कठुआ क्षेत्र से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास एक स्कारपियो कार और आई- 10 कार भी थी। पुलिस ने आरोपियों से अभी 8 लाख 80 हजार रिकवर किए हैं। बाकी का पैसा अभी नहीं मिल पाया है।