बड़ी संख्या में लोग सोने के आभूषण लेने पहुंचे शोरूम, मालिकों को सौंपी गईं नए वाहनों की चाबियां
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अक्षय तृतीया के दिन बुधवार को खूब कारोबार हुआ। दिनभर सराफा बाजार और शोरूमों में काफी भीड़ देखने को मिली है। बड़ी संख्या में लोग जहां स्वर्ण आभूषण लेने ज्वैलर्स शोरूम पहुंचे वहीं, वाहन शोरूमों में मालिकों को चाबियां सौंपी गईं।
स्वर्णकारों के पास सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर तक बैठने को जगह नहीं मिली। लोगों ने बुकिंग के आभूषणों प्राप्त किए। इसी तरह कार शोरूमों से भी कारों की चाबियां कार्रवाई के बाद ग्राहकों को सौंपी गई। लो स्पीड स्कूटियां भी लोग घर ले गए।
अक्षय तृतीया के दिन को लोग वाहनों और आभूषणों की खरीदारी करना शुभ मानते हैं। इस कारण पहले ही लोगों ने सामान खरीदने के लिए बुकिंग की थी। दिनभर में करोड़ों रुपये का व्यवसाय बाजारों में हुआ। बुधवार को सोने के दामों में खासा उछाल नहीं आया। निर्धारित मूल्य पर ही लोगों को आभूषण दिए गए।
-
30 करोड़ से ज्यादा का हुआ कारोबार
आरवी ज्वेलर शोरूम गांधी नगर में दिनभर काफी भीड़ रही। लोगों को डिलीवरी लेने व आभूषणों की खरीदारी पर आकर्षक उपहार भी दिए गए। खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को आकर्षक छूट भी दी गई। स्वर्णकार संघ जम्मू सिटी के अध्यक्ष अशुतोष कपूर के अनुसार 30 करोड़ से ज्यादा व्यवसाय हुआ है। लोग सुबह ही दुकानें खुलने पर सोना के आभूषण लेने आए। अप्सरा रोड में राकेश ज्वैलर्स, गांधी नगर में मुल्ख राज अशोक कुमार ज्वैलरी शोरूम के मालिक अंकुर सूरी ने कहा कि सुबह से ही भीड़ है। दिवाली के बाद अच्छा कारोबार हुआ है।
महंगी कारों के मालिक बने लोग
लगभग 20 शोरूमों से 300 वाहनों की डिलीवरी हुई। ऑटोमोबाइल कारोबारी देवेंद्र बत्रा और अंकुश महाजन ने बताया कि अक्षय तृतीया पर अच्छा कारोबार हुआ। लोगों को सुबह ही कारों की चाबियां सौंपी गईं। साथ ही आकर्षक उपहार दिए गए। इसके बाद लोग घरों को कारों में रवाना हुए। ई-स्कूटियों का कारोबार चमका। प्रति शोरूम से 15 स्कूटियों की बुकिंग रही है। कुल 600 शोरूमों में बुकिंग हुई थी। स्कूटियों के लिए भुगतान करने के बाद चाबियां सौंपी गईं।