जम्मू एयरपोर्ट 15 दिनों के लिए बंद रहेगा। एक से 15 अक्तूबर के बीच सभी कामर्शियल फ्लाइट रद रहेगी। एयरपोर्ट के साथ बने एयरफोर्स बेस के रनवे के विस्तारण के चलते विमान सेवा प्रभावित रहेगी। एयरपोर्ट से प्रतिदिन 32 के करीब घरेलू उड़ानें लैंड और टेक आफ करती हैं। ऐसे में आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
अक्तूबर महीने के पहले 15 दिनों में दिवाली, नवरात्र, दशहरा जैसे बड़े त्यौहार हैं। कामर्शियल फ्लाइट रद रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। नवरात्र पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए काफी संख्या में बाहरी राज्यों से लोग आते हैं। ट्रेन के अलावा हवाई मार्ग से भी बड़ी संख्या में यात्री जम्मू पहुंचते हैं। 15 दिनों तक एयरपोर्ट के बंद रहने से परेशानी बढ़ सकती है।
वहीं दूसरी ओर एयरपोर्ट को लंबे समय तक बंद रखने के पक्ष में न तो जिला प्रशासन है और न ही जम्मू एयरपोर्ट के अधिकारी। एयरपोर्ट निदेशक प्रभात रंजन ब्यूरिया ने कहा कि इतने लंब समय तक एयरपोर्ट को बंद रखने से काफी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि अक्तूबर में काफी त्योहार हैं। इससे आम लोग भी परेशान होंगे।
‘एयरपोर्ट अथॉरिटी को लिखा है पत्र’
एयरपोर्ट जम्मू के निदेशक ने बताया कि हमने अपनी ओर से एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिखा है। 15 दिन की अवधि तक एयरपोर्ट को बंद रखना अथॉरिटी के हित में नहीं है। त्योहार के सीजन में कामर्शियल उड़ानें ठप रहने से सबसे अधिक आम लोगों को परेशानी होगी।