स्कॉस्ट जम्मू के कृषि विज्ञानिकों का दावा, अगले साल मार्च में होगी लांच
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। धान की नई किस्म मार्च 2026 में लांच करने की तैयारी है। शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्कॉस्ट) जम्मू में इस किस्म पर शोध चल रहा है। वैज्ञानिकों का दावा है कि फसल 95 दिनों में तैयार होगी।
हालांकि, बासमती 118 और 138 लगभग 140 दिनों में तैयार होती है। इस किस्म को जून से पहले रोपा जा सकेगा और सितंबर पहले सप्ताह में फसल पक जाएगी। इसके बाद कटाई कर गेहूं की फसल किसान बीज सकेंगे। बीज को मान्यता देने के लिए इसे केंद्रीय कमेटी के पास भेजा जा रहा है।
यहां पर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसे दिसंबर माह में लांच किया जाएगा। स्वीकृति के बाद ही इसका नाम रखा जाएगा। स्काॅस्ट जम्मू में चल रहा 2016 से शोध चल रहा है। इसे ट्रायल के लिए फार्म में बीजा जा रहा है। अभी तक इसके परिणाम सार्थक आए हैं।
अकसर सितंबर माह तूफान आने और मूसलाधार बारिश होने की संभावना रहती है। इससे फसल काफी प्रभावित होती है। इस नजरिये से भी बिजाई किसानों के लिए राहत भरी होगी। मौजूदा समय में बासमती 118 और 138 को उगाया जा रहा है। बासमती 140 दिन में तैयार हो रही है। खास बात है कि बासमती 370 के बराबर ही सुगंधित है। प्रति हेक्टेयर पैदावार 45 और 50 क्विंटल होने का अंदाजा है। -
कोट
धान की नई किस्म पर शोध चल रहा है। नामांकरण के लिए केंद्रीय कमेटी को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। कम से कम यानी 95 दिनों के अंदर फसल तैयार होगी। इसे मार्च 2026 में लांच किया जाएगा।
-सुशील गुप्ता, रिसर्च निदेशक, स्काॅस्ट जम्मू