सांसद ने जम्मू में बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने मंगलवार को पार्टी विधायकों, एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों के साथ बैठक कर जम्मू क्षेत्र में चालू बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसमें जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने अखनूर रोड पर फ्लाईओवर पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया।
गुप्ता ने फ्लाईओवर से बारिश के पानी की निकासी की लगातार समस्या के बारे में गंभीर चिंता जताई। बताया कि इससे बरसात के दौरान आवासीय क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आवाजाही बाधित होती है। उन्होंने बेवजह होने वाले जलभराव को रोकने के लिए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सहित तत्काल सुधारात्मक उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने एनएचआईडीसीएल और संबंधित अधिकारियों से सुधारात्मक कार्रवाई में तेजी लाने का आग्रह किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि नागरिकों को बुनियादी ढांचे की कमियों के कारण परेशानी न उठानी पड़े।
सांसद शर्मा ने आश्वासन दिया कि जनता से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों को आगे की असुविधा को रोकने के लिए गहन आकलन करने और समाधान निकालने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि अधिकारी निर्धारित समय पर परियोजनाओं को पूरा करने के उचित प्रयास करें।
परियोजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करके इनकी कड़ी निगरानी की जाए। बैठक में जम्मू उत्तर के विधायक शाम लाल शर्मा, जम्मू पूर्व के विधायक युद्धवीर सेठी, एनएचआईडीसीएल के महाप्रबंधक एसएस सांगवान, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष कुशांत दफ्फारा, अनिल अंगराल मौजूद रहे।