पेयजल किल्लत वाले जगहों की हो पहचान, बनाया जाए योजनाओं के लिए प्लान
आनलाइन पोर्टल का किया जाए गठन, लोगों को करवाई जाए सुविधाएं मुहैया
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू शहर में पानी की कमी वाले इलाकों में अब मुफ्त पानी टैंकर की सेवा मिलेगी। यह बात जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने सिविल सविचालय में हुई बैठक में कही। उन्होंने कहा कि उन क्षेत्रों में मुफ्त पानी के टैंकर उपलब्ध कराएं जाएंगे। जहां पर पानी की कमी का सामना किया जा रहा है। बचे हुए क्षेत्रों को भी जल्द ही जल जीवन मिशन या किसी अन्य जल आपूर्ति योजना के तहत कवर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य कमजोर समुदायों का समर्थन करना है। मंत्री ने अधिकारियों को पानी की कमी वाले क्षेत्रों का दौरा करने का निर्देश दिया। इससे जल आपूर्ति योजनाएं तैयार पर योजना बन सकेगी। उन्होंने आम आदमी के लिए ऑनलाइन पोर्टल की सुविधा भी देने को कहा। जम्मू संभाग में अमृत दो के तहत जल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की। मंत्री ने लंबित डीपीआर की तत्काल तैयारी और बाद में एचयूडीडी द्वारा अनुमोदन का आह्वान किया।
मंत्री ने लगातार सूखे के मद्देनजर पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शुरू की जाने वाली योजनाओं के बारे में विवरण मांगा। उन योजनाओं का भी उद्घाटन करने का आह्वान किया जो डीपीआर के अनुसार पूरी हो गई हैं और उन्हें जल्द से जल्द जनता को समर्पित किया जाना चाहिए। पुंछ के उपायुक्त ने बताया कि मेंढर, सुरनकोट और हवेली निर्वाचन क्षेत्रों में पांच-पांच योजनाओं का उद्घाटन अगले 10 दिनों में किया जाएगा। जावेद राणा ने कैपेक्स के तहत पुंछ जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि कंपेक्स के तहत पुंछ में कुल 3151 में से 1878 कार्य पूरे हो चुके हैं।
वर्ष 2005 में कुलगाम जिले के वाल्टेंगू में बर्फीले तूफान से प्रभावित लोगों की दुर्दशा पर प्रकाश डालते हुए जावेद राणा ने प्रशासन से निवासियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ एक मॉडल कॉलोनी की स्थापना करके पीड़ितों के पुनर्वास के लिए प्रयास करने के लिए कहा।
जनजातीय मामलों का विभाग भी संभालने वाले जावेद राणा ने संबंधित अधिकारियों से जम्मू में जनजातीय भवन के निर्माण के लिए भूमि की पहचान करने को कहा।