अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पर्यटन आयुक्त व सचिव यशा मुदगल ने प्रदेश में प्रमुख राजमार्गों और सड़कों के किनारे यात्री सुविधाओं, शौचालयों की स्थिति की सचिवालय में समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राजमार्गों के किनारे शौचालयों की स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
पर्यटन आयुक्त ने बैठक में कहा कि स्थानीय यात्रियों, केंद्र शासित प्रदेश से आने वाले पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाएं बढ़ाना बेहद जरूरी है। निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों पर आवश्यक सुविधाओं की पहुंच आसान हो। आयुक्त सचिव ने कहा कि जो भी निर्माण कार्य हों उनको पूरा कर लिया जाए। एक महीने के अंदर सड़क किनारे सुविधाओं के लिए एक स्थान योजना प्रस्तुत करें। एनएचएआई को निर्देश दिए कि वह जून 2026 तक सभी गैर स्टार्टर सुविधाएं चालू कर दें।
एनएचआईडीसीएल को सोनमर्ग सुरंग और जोजिला सुरंग के बीच एक सड़क किनारे सुविधा परिसर विकसित करने की जिम्मेदारी दी। जिसमें सोनमर्ग में एक शौचालय परिसर के लिए प्राथमिकता परियोजना शामिल है। उन्होंने काजीगुंड, मरहामा और झज्जर कोटली में सार्वजनिक सुविधाओं को अप्रैल 2025 तक चालू करने और राजमार्गों पर शौचालय सुविधाओं को चिह्नित करने और दूरी को इंगित करने वाले नए साइनबोर्ड लगाने का निर्देश दिए।
आयुक्त सचिव ने गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, पटनीटॉप, सनासर, भद्रवाह और दूधपथरी सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों में सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। पर्यटन विकास एजेंसियों के सीईओ से कहा कि वे केवल उन भूमियों पर ही सुविधाओं का प्रस्ताव करें, जो कि बिना किसी बाधा के हों।