अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आय से अधिक संपत्ति के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आईआरपी 20वीं बटालियन के स्पेशल ग्रेड कांस्टेबल दुष्यंत शर्मा के खिलाफ एक मामला दर्ज किया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ गाडीगढ़, मीरां साहिब और जम्मू में उसकी आवासीय व व्यावसायिक संपत्ति पर दबिश देकर दस्तावेज जब्त किए हैं।
कांस्टेबल के खिलाफ एसीबी को शिकायत मिली थी, जिसके बाद जांच की गई। इस दौरान शिकायत उचित पाए जाने के बाद एसीबी ने मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि कांस्टेबल के अपने नाम और परिवार सदस्यों के नाम पर ज्ञात आय के स्रोत से अधिक की चल और अचल संपत्ति अर्जित की है। उसकी संपत्ति में दो मंजिला घर, शॉपिंग स्टोर, रेस्तरां, भूमि प्लाट, महंगी गाड़ियां और महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदे हैं।
न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद एसीबी की टीम ने दबिश दी। इस मामले में आगे की जांच चल रही है। आरोपी कांस्टेबल वर्तमान में आईआरपी 7वीं बटालियन में अटैच है। एसीबी की टीम काफी समय से कांस्टेबल पर नजर थी।