जम्मू कश्मीर पुलिस (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने वीरवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-ए-इस्लामी की 2,58,03,333 रुपये की नौ संपत्तियां सील कर उनके उपयोग व वहां घुसने पर रोक लगा दी है।
एसआईए प्रवक्ता ने बताया कि शोपियां जिले में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा अधिसूचित करने के बाद नौ स्थानों पर संपत्तियों को सील किया है। इन संपत्तियों में करीब आधा हेक्टेयर जमीन और कुछ स्कूल भवन शामिल हैं।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में जमात-ए-इस्लामी की 188 संपत्तियों को अधिसूचित किया जाना है। एसआईए ने प्रारंभिक रूप से सैकड़ों करोड़ रुपये की जेईआई द्वारा खरीदी या अधिग्रहित कई संपत्तियों की पहचान की है।
प्रवक्ता ने बताया कि अलगाववादी गतिविधियों के लिए धन की उपलब्धता को रोकना और भारत की संप्रभुता के लिए शत्रुतापूर्ण राष्ट्र विरोधी तत्वों और आतंकी नेटवर्क के पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करने के प्रयासों के तहत संपत्तियों को सील किया गया। एजेंसी ने प्राथमिक तौर पर सैकड़ों करोड़ रुपये की जेईआई द्वारा खरीदी या अधिग्रहीत कई संपत्तियों की पहचान की है।