राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पुलवामा हमले के मास्टर माइंड मुदस्सिर अहमद खान के करीबी जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य सज्जाद अहमद खान के खिलाफ सोमवार को दिल्ली की अदालत में आरोपपत्र दायर कर दावा किया है कि सज्जाद ने देशभर में आतंकवादी हमलों की साजिश रची थी। सज्जाद पर पुलवामा हमले में भी शामिल होने का संदेह है।
एनआईए ने जैश के चार सदस्यों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) और 121ए (भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने या युद्ध छेड़ने की प्रयास करना या युद्ध छेड़ने के लिए उकसाना), गैरकानूनी गतिविधियां, निषेध कानून और विस्फोटक सामग्री कानून के विभिन्न प्रावधानों में आरोपपत्र दायर किया है।
एजेंसी ने अंतिम रिपोर्ट में में कहा कि इस षड्यंत्र का सरगना मुदस्सिर था, लेकिन सुरक्षा बलों के साथ मार्च 2019 में हुई मुठभेड़ में उसकी मौत के बाद उसके खिलाफ आरोप रद्द कर दिए गए हैं। यह मामला जैश द्वारा दिल्ली, एनसीआर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकवादी हमले करने का आपराधिक षड्यंत्र करने से जुड़ा है।
आरोप पत्र में सज्जाद अहमद खान (27), तनवीर अहमद गनी (29), बिलाल अहमद (23) और मुजफ्फर अहमद भट (25) सभी पुलवामा निवासी शामिल हैं। पुलवामा की घटना के दिन, मुदस्सिर ने सज्जाद से व्हाट्सएप पर संपर्क किया और उसे सीआरपीएफ के काफिले पर हमले की जानकारी दी थी।