प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिशोध व उत्पीड़न की राजनीति कर रहे हें। एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। अघोषित आपातकाल की स्तिथि है। हमारे समाज को भाषा व धर्म के नाम पर तोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को टेस्ट कार्यालय बना रखा है। इस बीच राहुल गांधी अमन और भाईचारे का पैगाम लेकर यात्रा पर निकले हैं। भारत जोड़ो यात्रा ध्रुवीकरण के खिलाफ है। यह बातें रविवार को सांबा के नानक चक क्षेत्र में कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री जयराम रमेश ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहीं।
जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा घबराई हुई है। उनके केंद्रीय मंत्री भारत जोड़ो यात्रा की आलोचना कर रहे हैं, जिसका जवाब हमारे साथियों ने दे दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश को एक ही व्यक्ति चला रहा है। अघोषित आपातकाल है। डॉ. कर्ण सिंह को निमंत्रण नहीं दिए जाने पर उन्होंने कहा कि उनकी सेहत ठीक नहीं है। उन्होंने यात्रा का स्वागत किया है। हम राजनीति करने नहीं आए हैं, हम तो भारत को जोड़ने के लिए यात्रा पर निकले हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी व उनकी यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। जगह-जगह उमड़े जन समूह के कारण भाजपा में घबराहट बनी हुई है। अनुच्छेद 370 पर उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है। केंद्र सरकार ने तो जम्मू-कश्मीर को टेस्ट कार्यालय बना रखा है।
कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को बचाना
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को बचाना है। आज बेरोजगारी, अर्थिक, गलत जीएसटी, नोटबंदी के कारण आम आदमी परेशान हैं। यह सब भाजपा चुनावी फायदे के लिए कर रही है। भाजपा तानाशाही की राजनीति कर रही है। आरएसएस व भाजपा देश को तोड़ रही हैं। सामाजिक ध्रुवीकरण बढ़ रहा है।
अपने नेता की सुरक्षा का हमें खयाल
राहुल गांधी की सुरक्षा पर जयराम रमेश ने कहा कि उनकी सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नही किया जाएगा। अपने नेता की सुरक्षा का हमें भी ध्यान है, सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर ही चलेंगे।