श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर आर्गेनाइजेशन (एसएबीएलओ) ने फैसला लिया है कि 2015 में शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा में जेएंडके पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में भंडारे नहीं लगाएंगे। यात्रा की कमान सेना, सीआरपी व बीएसएफ के हाथ में दी जाएगी तभी भंडारे बालटाल व पहलगाम के रास्ते लगाए जाएंगे।
यह फैसला पिछले साल की यात्रा में भंडारों में हुई आगजनी की घटना और 2012 व 2013 में हुई घटनाओं को देखते हुए लिया गया है। आर्गेनाइजेशन के प्रधान विजय ठाकुर व महासचिव राजन गुप्ता ने बताया कि जेएंडके पुलिस की सुरक्षा में पिछले साल नौ भंडारों को आग लगा देने के अलावा लूटपाट की गई थी।
2012 में भी शेषनाग में जेएंडके पुलिस के सामने भंडारों में तोड़फोड़ व लूटपाट हुई थी। इसके अलावा 2013 में जेएंडके पुलिस के रहते चंदनवाड़ी में भंडारों में लूटपाट घोड़े, टेंट वाले व अन्य कश्मीरियों ने की थी। इन सभी घटनाओं को देखते हुए आर्गेनाइजेशन ने फैसला लिया है कि जेएंडके पुलिस की सुरक्षा में इस बार यात्रा में भंडारे नहीं लगेंगे।