जीएमसी कठुआ में सुरक्षा चूक का यह पहला मामला नहीं है। इसी साल अप्रैल में पुराने इमरजेंसी ब्लॉक के सामने पुलिस और अपराधियों के बीच एनकाउंटर, इसके बाद स्टाफ से कई बार हुई बदसलूकी को देखते हुए लगातार यहां सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग उठती रही है।कुछ माह पहले ही कोलकाता मामले में देशव्यापी आंदोलन के बीच जीएमसी कठुआ का स्टाफ भी कई दिन काम छोड़ हड़ताल पर रहा। जीएमसी प्रबंधन का कहना है कि लगातार अर्ध सैनिक बलों को तैनात किए जाने की मांग पुलिस और प्रशासन से की जाती रही है।
उधर, ताजा वारदात के बाद पुलिस प्रशासन ने दबाव को देखते हुए जीएमसी के इमरजेंसी परिसर में सुरक्षा के लिए 10 सीआरपीएफ जवानों की तैनाती कर दी है। हालांकि जीएमसी प्रबंधन के अनुसार यह पर्याप्त नहीं है। सरकार और उच्च अधिकारियों से अधिक संख्या में सुरक्षाकर्मी लगाए जाने के संबंध में बात की जा रही है।
इससे पहले सुबह जीएमसी के इमरजेंसी ब्लाॅक के सामने कर्मचारियों ने एकत्रित होकर विरोध जताया। कहा कि अस्पताल में स्टाफ के सदस्य सुरक्षित नहीं हैं। खास तौर से महिला स्टाफ के साथ बदसलूकी आम हो गई है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ पीएसए लगाने की मांग की। विधायक डॉ. भारत भूषण जीएमसी परिसर में पहुंचे और घायल का हाल जानने के साथ ही धरने पर बैठे कर्मचारियों की मांगों को भी सुना।उन्होंने कहा कि यह घटना निंदनीय है। मौके पर ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात कर अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए जाने की मांग रखी। जीएमसी प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र अत्री ने बताया कि अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाए जाने को लेकर लगातार उच्च अधिकारियों से बात की गई है।