राजोरी के ढांगरी गांव में तलाशी अभियान...
- फोटो : संवाद
राजोरी के ढांगरी गांव में दोहरे आतंकी हमले की जांच कर रही पुलिस ने शनिवार को तीन और संदिग्धों को हिरासत में लिया। जांच के लिए अब तक 18 संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है। इनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। जांच टीम में शामिल एक अधिकारी का कहना है कि हमले से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं।
जल्द ही इस हमले की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। आतंकियों की लोकेशन को लेकर भी सुराग पता चले हैं। वहीं, आतंकियों की तलाश में शनिवार को भी सघन तलाशी अभियान जारी रहा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिरासत में लिए गए 18 संदिग्धों में महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, खुफिया एजेंसियों के अनुसार राजोरी के कुछ गांवों में आतंकियों के ओवर ग्राउंड वर्कर चिह्नित किए गए हैं, जिनसे जांच की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। आतंकियों को सूचनाएं देने से लेकर रसद में मदद करने की आशंका पर भी जांच चल रही है।
एसएसपी राजोरी मोहम्मद असलम ने बताया कि मामले में 18 संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। जांच में कुछ पुख्ता सुराग मिले हैं। जल्द ही मामले का पूरी तरह से खुलासा किया जा सकता है। गृह मंत्रालय ले रहा पल-पल की रिपोर्ट ढांगरी में दोहरे आतंकी हमले की जांच को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय लगातार अपडेट ले रहा है।
सूत्रों ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) जम्मू मुकेश सिंह के नेतृत्व में जांच और आतंकियों की तलाश से जुड़ी जानकारी से एलजी प्रशासन को अवगत कराया जा रहा है। वहीं से केंद्रीय गृह मंत्रालय को सूचित किया जा रहा है।