नवरात्र में जम्मू, कटड़ा रेलवे स्टेशन पर बनाए हेल्पडेस्क
नवरात्र में जम्मू और कटड़ा रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए, रेलवे ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इन स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन से लेकर रेल यात्रियों के लिए हेल्पडेस्क बनाए हैं, ताकि यात्रियों को ट्रेन परिचालन से लेकर अन्य जरूरी जानकारी मिलती रहे।
नवरात्र में देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो के दरबार आते है। इसमें ज्यादातर यात्री कटड़ा तो कुछ यात्री जम्मू तक भी आते हैं। स्टेशन पर रेलवे प्रबंधन ने अपनी निगरानी बढ़ाई है। सुरक्षा के भी विशेष प्रबंध किए हैं। नवरात्र में यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे हेल्प डेस्क उपलब्ध रहेगा।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने जम्मू और कटड़ा रेलवे स्टेशनों पर खानपान के स्टॉल की जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यात्रियों से ओवरचार्जिंग करने वाले वेंडर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बता दें कि कटड़ा स्टेशन से स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया गया है।