डीसी जम्मू ने सुनीं लोगों की समस्याएं, संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश
खसरा नंबर 437 पर कथित अतिक्रमण का मामला भी जोरशोर से उठाया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। सुंगल पंचायत के समीप सत्यम रिसोर्ट में आयोजित ब्लॉक दिवस में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला विकास आयुक्त जम्मू डॉ. राकेश मिन्हास ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उठाए गए मामलों पर संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी।
ब्लॉक दिवस में पूर्व सरपंच सुंगल लोअर सी अश्विनी शर्मा ने क्षेत्र में निर्माणाधीन औद्योगिक इकाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इकाई के लिए करीब 100 कनाल भूमि का अधिग्रहण किया गया है, लेकिन कुछ लोगों के आने-जाने के रास्ते इसी जमीन के बीच से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने डीसी से आग्रह किया कि आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि को देखते हुए प्रभावित लोगों के लिए रास्ते की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सुंगल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी उठाया। उनके अनुसार क्षेत्र को बल्ली गुलाबा की ओर से आने वाली करीब 30 से 32 किलोमीटर लंबी लाइन से बिजली मिलती है। पहाड़ी और पेड़ों से होकर गुजरने वाली इस लाइन में छोटे फाल्ट के बाद भी कई-कई दिनों तक बिजली प्रभावित रहती है। उन्होंने सुंगल को पलवां रिसीविंग स्टेशन से जोड़ने की मांग रखी।
अश्विनी शर्मा ने सुंगल हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा देने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुंगल में डॉक्टर और पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाने तथा एंबुलेंस की सुविधा देने की मांग भी रखी। उन्होंने जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने और लंबित ठेकेदार भुगतान जारी करने का मुद्दा भी उठाया। युवाओं से जुड़े मुद्दे में उन्होंने यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स विभाग की ओर से सुंगल में बनाए गए खेल मैदान की बदहाल स्थिति का मामला उठाते हुए मैदान की सफाई, लेवलिंग और उचित रखरखाव की मांग की। उन्होंने डीसी से मौके का निरीक्षण कर युवाओं के लिए बेहतर खेल मैदान विकसित करवाने का आग्रह किया।
पूर्व सरपंच सुंगल लोअर बी रामपाल शर्मा ने पलवां पार्क से नई बस्ती तथा मेन रोड सोहल से माता मंदिर नई बस्ती तक सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क मार्ग लंबे समय से न्यायालयीन स्टे के कारण लंबित हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाने और सड़क निर्माण शुरू करवाने का आग्रह किया।
वहीं सेवक सिंह ने बिजली की अघोषित कटौती और अधिक बिजली बिल आने का मुद्दा उठाते हुए समस्या के समाधान की मांग की। बरदाल के सोम दत्त और केवल कुमार ने क्षेत्र को सड़क के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने की मांग रखी। इस पर मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन संजीव शर्मा ने डीसी को बताया कि संबंधित सड़क नाबार्ड के तहत पहले ही मंजूर हो चुकी है और जल्द काम शुरू किया जाएगा। देवराज भगत ने पलवां स्टेडियम की खस्ता हालत का मुद्दा उठाते हुए इसके पूर्ण निर्माण और मरम्मत की मांग की।
युवा बिंदु सिंह चिब ने अखनूर क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी। उन्होंने डीसी को बताया कि अखनूर पुलिस थाने के आसपास चिनाब दरिया के किनारे नशा तस्करी की गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत करने की मांग की। साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया।
बॉक्स
एसडीएम अखनूर को कार्रवाई के निर्देश, खेल मैदान का निरीक्षण
ब्लॉक दिवस में प्रेस क्लब अध्यक्ष शिव बैरागी ने अखनूर कस्बे से सटे मंडा क्षेत्र में खसरा नंबर 437, जिसकी किस्म चराई बताई गई है, पर कथित अतिक्रमण का मामला प्रमुखता से उठाया। उक्त भूमि पर पिछले कुछ समय से अतिक्रमण के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम अखनूर और अन्य राजस्व अधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि संबंधित स्थान सेना की दीवार से करीब 100 मीटर के दायरे में है और उनके अनुसार 170 मिलिट्री अस्पताल अखनूर के कमांडिंग अधिकारी की ओर से भी निर्माण रुकवाने के संबंध में एसडीएम को पत्र लिखा गया था। डीसी जम्मू ने एसडीएम अखनूर को मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीसी जम्मू ब्लॉक दिवस के बाद सुंगल लोअर सी पंचायत घर के पास बने खेल मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे और उन्होंने आश्वासन दिया कि इसका विकास जरूर करवाया जाएगा।