पैंथर्स स्टूडेंट यूनियन ने बुधवार को जम्मू यूनिवर्सिटी को बंद करने का ऐलान किया है। पैंथर्स स्टूडेंट यूनियन के राज्य प्रधान ठाकुर वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को गांधीनगर जम्मू पैंथर्स पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि जब वे किसी मसले के संदर्भ में यूनिवर्सिटी के उप कुलपति से मिलने गए तो वीसी ने उन्हें यह कह कर लौटा दिया कि अप्वाइंटमेंट लेकर आओ, फिर बात होगी।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी की एक छात्रा एमफिल कर चुकी है और वह अपना गाइड बदलना चाहती है, लेकिन इस पर उसकी इच्छा के मुताबिक अनुमति नहीं दी जा रही है। एक ओर, उपकुलपति ने इस मसले पर बात नहीं की और अप्वाइंटमेंट लेकर आने को कहा, वहीं एक छात्रा की समस्या को तत्काल नहीं सुना गया, जिसको लेकर वह जम्मू यूनिवर्सिटी बंद करने का ऐलान करते हैं।
इस संदर्भ में छात्रा आशा का कहना है कि कई बार यूनिवर्सिटी के वीसी के समक्ष अपनी बातें रखनी चाही, लेकिन उसे नहीं सुना गया। दूसरी ओर जम्मू विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रा आशा का दाखिला पीएचडी में हो चुका है जबकि गाइड को भी बदला गया है। आशा की नई गाइड हिना अबरोल होंगी।