संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। राजा मंडलीक दंगल कमेटी बरन की ओर से सोमवार को दंगल में 105 कुश्तियां हुईं। इसमें देश-विदेश के पहलवानों ने हिस्सा लिया। 1.51 लाख रुपए इनाम की सबसे बड़ी कुश्ती को ईरान के हुसैन ने जीता। उन्होंने हरियाणा के दीपक हुड्डा को रोमांचक मुकाबले में चित किया।
दंगल दोपहर दो बजे से शुरू हुआ और रात साढ़े सात बजे बड़ी माली हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। ढोल की थाप पर दर्शकों ही नहीं, पहलवानों का जोश और जनून देखते ही बनता था। बड़ी माली की कुश्ती में दोनों पहलवानों ने कुश्ती के दांवपेच दिखाकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
दूसरी माली की कुश्ती 90 हजार रुपये की थी। इसमें दोमाना के पहलवान रशीद और महाराष्ट्र के गणेश चौहान के बीच टक्कर हुई। दोनों पहलवानों ने भी एक-दूसरे पर कुश्ती का हर दांवपेच अजमाया लेकिन कोई किसी को पटखनी नहीं दे पाया और मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीसरी कुश्ती 51 हजार रुपए के लिए हुई। इसमें कठुआ के रिशू ने महाराष्ट्र के रोहित हो मात दी।
दंगल के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान रशीद मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने और खेलों के साथ जोड़ने के सभी का उद्देश्य होना चाहिए। इस दौरान युवा राजपूत सभा के पूर्व प्रधान राजन सिंह मुख्य अतिथि थे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने को कहा। इस तरह के दंगल आयोजन युवाओं के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा बताया।