जम्मू। बिश्नाह तहसील में राजस्व कर्मी के साथ मारपीट मामले में हिरासत में लिए शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश अध्यक्ष गणेश चौधरी से दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रही। मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। वहीं महिला की शिकायत के बाद अब राजस्व कर्मी से पूछताछ की गई है। उसके बयान भी दर्ज किए गए हैं।
मंगलवार को शिवसेना हिंदुस्तान के कार्यकर्ताओं ने महिला से आपत्तिजनक बात करने के आरोप में बिश्नाह तहसील परिसर में राजस्व विभाग के कर्मचारी की पिटाई कर दी थी। पुलिस ने वहां पहुंचकर कर्मचारी को छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं की थी। सभी पक्षों को थाने में बात रखने के लिए बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश अध्यक्ष को थाने में आते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उस पर 149-2020 अंडर सेक्शन 353, 323, 147 और 148 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, घटना से गुस्साए गुस्साए कर्मचारियों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।