जम्मू। जम्मू में कोरोना संक्रमण का प्रसार बढ़ने से लगातार गंभीर होते जा रहे हालात के बीच केंद्रीय टीम के रविवार या सोमवार को यहां आने की संभावना है। पीएमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में टीम गठित हो जाएगी। इसके रविवार या सोमवार को जम्मू पहुंचने की संभावना है। टीम के सदस्य यहां की स्थिति का अध्ययन करने के बाद जम्मू में कितने दिन रुकेंगे, इसका फैसला करेंगे।
डॉ. सिंह ने बताया कि टीम गठन को लेकर वे लगातार गृह सचिव अजय भल्ला तथा स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण के संपर्क में हैं। टीम में नीति आयोग के सदस्य के साथ ही विशेषज्ञ भी होंगे। यह टीम जम्मू में कोरोना संक्रमण को लेकर अध्ययन करेगी। यह जानने की कोशिश करेगी कि आखिर तेजी से संक्रमण फैलने के क्या कारण रहे हैं। इसके अनुरूप रोकथाम की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र की टीम को संक्रमण बढ़ने पर गुजरात के सूरत में भी भेजा गया था, जिसके सकारात्मक नतीजे रहे हैं।
ज्ञात हो कि प्रदेश में कोरोना की भयावह स्थिति को देखते हुए पीएमओ राज्यमंत्री डॉ. सिंह ने हालात से निपटने के लिए केंद्रीय टीम को भेजने का गृह मंत्रालय से आग्रह किया था। फिलहाल प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 59 हजार पार कर गया है।