रियासी में पकड़ा गया आतंकी तालिब हुसैन
- फोटो : सोशल मीडिया
जिले के कोटरंका में धमाके के मुख्य आरोपी लश्कर कमांडर तालिब हुसैन शाह को पुलिस का स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप शुक्रवार को राजोरी लेकर पहुंचा। उसके खिलाफ कई अन्य मामलों में शामिल होने की जांच भी शुरू की है। पुलिस के अनुसार करीब पांच माह पहले बुद्धल के तरगायी इलाके में करामत शाह नामक एक युवक की रात के समय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस को आशंका है कि इस हत्या में भी मुख्य आरोपी तालिब हुसैन शाह ही है। करामत शाह की मौत के मामले में पूछताछ करने के साथ-साथ आतंकी कमांडर तालिब शाह को कालाकोट और लंबेड़ी से मिलने वाले हथियारों की खेप को लेकर भी पुलिस कुछ अहम जानकारियां हासिल कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि लंबेड़ी और कालाकोट के इलाकों में ड्रोन से हथियार गिराए जाते थे, फिर हथियार आतंकी तालिब तक पहुंचते थे। पुलिस तालिब से आतंकवादियों के उन स्लीपर सेल और ओवर ग्राउंड वर्करों के नाम उगलवाने में जुटी है।
इसके माध्यम से ड्रोन से गिराए गए हथियार तालिब तक पहुंचाए जाते थे और तालिब उन हथियारों का प्रयोग करके अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को निशाना बनाने का काम करता था। सूत्रों ने बताया कि आतंकवादी तालिब हुसैन शाह को जब रियासी के तुकसन गांव के लोगों ने धर दबोचा था।
तो उससे पहले उसे आशंका हो चुकी थी कि अब वह पुलिस के हत्थे चढ़ने वाला है। इसी दौरान उसने अपना मोबाइल और सिम तोड़कर फेंक दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने उससे उगलवा लिया था कि उसने सिम और मोबाइल तोड़ कर कहां फेंका है।
उसके बाद पुलिस की विशेष पार्टी ने उसके सिम और मोबाइल को भी रियासी के किसी पहाड़ी इलाके से बरामद कर लिया था। मोबाइल और सिम की फॉरेंसिक जांच के दौरान भी कई खुलासे हुए हैं, जिनका सच पता लगाने के लिए पुलिस की एसओजी टीम तालिब को लेकर राजोरी पहुंची है।
फिलहाल पुलिस लश्कर कमांडर तालिब शाह को हथियार मुहैया करने वाले ओजीडब्ल्यू और बुद्धल तरगायी के युवक करामत की मौत को लेकर गहन पूछताछ कर रही है और बहुत जल्दी कुछ अहम खुलासे होने की आशंका जताई जा रही है।