घाटी में कड़ी सुरक्षा के बीच गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात रहे। एहतियात के ताैर पर मोबाइल इंटरनेट कुछ समय के लिए बंद रहा।
घाटी में गणतंत्र दिवस समारोह को सुचारू तरीके से संपन्न कराने के लिए एहतियात के तौर पर बुधवार को मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थी। मोबाइल काल और लैंडलाइन सेवाओं पर किसी प्रकार की पाबंदी नहीं रही। अधिकारियों के मुताबिक गणतंत्र दिवस समारोह में किसी प्रकार का खलल न पड़े इसके लिए घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से ठप कर दिया गया था।
विज्ञापन
वर्ष 2005 में आतंकवादियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के पास आईईडी विस्फोट करने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। इसके बाद से घाटी में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर मोबाइल फोन और इंटरनेट सेवाओं का निलंबन सुरक्षा कारणों से होता आया है।
मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को समारोह के खत्म होने तक जारी रखा जाता है। श्रीनगर शहर और घाटी में अन्य जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।