एक बार फिर से जम्मू संभाग के जिले कठुआ में माहौल गरमा गया है। बिलावर में युवक की हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया है। इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवा को भी ठप कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बारह बजे के लगभग निशांत कौसर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई लियाकत अली निवासी ढेर बिलावर को अभिषेक शर्मा निवासी नौशहरा महानपुर और हनी खजूरिया निवासी ढेर बिलावर ने तेज धार हथियार से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया और फरार हो गए।
जिसके बाद युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर फौरन कार्रवाई शुरू कर दी।
बिलावर थाना प्रभारी अमित सांगड़ा ने विशेष टीमों को अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए लगा दिया। कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को सुकराला के नजदीक से कार सहित गिरफ्तार कर लिया है।
इलाके में फिर तनाव की स्थिति
इलाके में दो समुदायों के बीच हुए इस विवाद के कारण एक बार फिर से इलाके में तनाव पैदा हो गया है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ भरे मैसेज भेजे जाने के कारण इंटरनेट को भी ठप गया है।
पुलिस आधिकारी भी इलाके की हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि इलाके में किसी भी गंभीर स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षबलों की तैनाती कर दी गई है।