विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को छोड़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए हिंदू संगठन को गठित करने वाले प्रवीण भाई तोगड़िया ने जम्मू कश्मीर में भी अपनी इकाई का गठन कर लिया है। रविवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य महंत रामेश्वर दास त्यागी ने राज्य इकाई के पदाधिकारियों का एलान किया।
क्षेत्रीय संगठन सचिव दीपक कुमार की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में हेम राज खजूरिया को राज्य इकाई का संरक्षक, शाम लाल गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष, गुलशन शर्मा और कमल चौधरी को उपाध्यक्ष, देवेंद्र सिंह जमवाल और संजय कुमार को सचिव, युगवीर गुप्ता, नरेश कुमार और सूरज थापा को संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया।
इसके अलावा राकेश शर्मा को राष्ट्रीय बजरंग दल की राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है। सुशील कुमार को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नए संगठन में ज्यादातर पदाधिकारी विश्व हिंदू परिषद की राज्य टोली को छोड़कर आए हैं।
केंद्र सरकार को नाकाम बताया
महंत रामेश्वर दास त्यागी ने कहा कि हिंदुओं ने केंद्र में भाजपा की सरकार बनाई। हिंदुओं को उम्मीद थी कि अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण होगा। अनुच्छेद 370 और 35ए को तोड़ा जाएगा। कश्मीरी पंडितों का स्थायी पुनर्वास होगा। रोहिंग्या और बांग्लादेशी उनके देशों को वापस भेजे जाएंगे। पाकिस्तान को उसकी करनी का जवाब मिलेगा, लेकिन केंद्र सरकार इन सारे मुद्दों पर नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने जल्द इन सभी मुद्दों का हल नहीं किया तो वह हिंदुओं का विश्वास खो देगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने अक्टूबर में अयोध्या मार्च की भी योजना बनाई है।