जम्मू-कश्मीर के सत्ताधारी दल पीडीपी की सांसद और मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद की पुत्री महबूबा मुफ्ती ने रियासत की दुर्लभ पांडुलिपियों की वापसी के लिए केंद्र से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
ये पांडुलिपियां और कलाकृतियां देशभर के राज्यों के संग्रहालयों में हैं। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा से मुलाकात कर महबूबा ने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू करने की जरूरत बताई।
महबूबा ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष खासतौर पर गिलगित संबंधी पांडुलिपि और कलाकृतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बुर्जहामा, सेमथन और गुफकराल की पांडुलिपियां तथा कलाकृतियां दूसरे राज्यों के संग्रहालयों की शोभा बढ़ा रही हैं।
ये दुर्लभ चीजें राज्य की धरोहर हैं। इसलिए इन्हें जम्मू-कश्मीर को लौटा दिया जाना चाहिए। महेश शर्मा ने इस मुद्दे का गंभीरता से अध्ययन कर सकारात्मक फैसले का आश्वासन दिया। महबूबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष पैकेज में पर्यटन विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये तय किए गए हैं।