अखनूर के सेक्स स्कैंडल मामले में पीड़िता के पिता द्वारा अदालत का रुख करने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और इस केस में फरार आरोपियो की तलाश में छापामारी तेज कर दी है।
पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर रही हैं। एसएसपी उत्तम चंद ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि पुलिस इस केस में शुरू से ही गंभीरता से जांच कर रही है।
अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कुछ अन्य आरोपी अखनूर छोड़कर फरार हैं। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों एक लापता युवती द्वारा पुलिस को स्कैंडल की दी जानकारी में कहा गया कि राजनीति और व्यापार जगत की कई हस्तियां इस घिनौने कृत्य में शामिल हैं।
अखनूर के ही कुछ दुकानदारों सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद कसबे के कई दुकानदार और राजनीतिक नेता भूमिगत हो गए हैं।
कुछ अखनूर छोड़कर अन्य स्थानों पर भाग गए हैं। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने पिछले दिनों इलाके से लापता होने वाली एक लड़की को पंजाब से बरामद किया था।
उसके साथ एक लड़के को भी गिरफ्तार किया गया था। लड़की ने पुलिस को पूछताछ में कई हैरतअंगेज जानकारी दी। उसने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों को अन्य बड़े शहरों में ले जाकर इस धंधे में उतारा जाता है।
इसमें अखनूर के भी ऐसे बड़े लोग शामिल हैं, जिन्होंने लड़की के साथ बलात्कार किया। पुलिस ने लड़के के फोन कॉल की भी डिटेल निकलवा कर जांच की है।
बहुचर्चित अखनूर सेक्स स्कैंडल की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट के जस्टिस मोहम्मद याकूब मीर ने डीजीपी और अन्य को नोटिस जारी किया है।
साथ ही अखनूर थाने के एसएचओ को केस डायरी के साथ 30 दिसंबर को अदालत में तलब किया है। उल्लेखनीय है कि इस केस में 50 से ज्यादा लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने नाबालिग से बलात्कार किया।
पीड़िता के पिता ने अदालत में गुहार लगाते हुए मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। मामले की सुनवाई के दौरान पीड़िता की वकील दीपिका सिंह राजवत ने कहा कि पुलिस 15 साल की लड़की से हुए बलात्कार को बड़े सामान्य ढंग से ले रही है और उन्होंने पीड़िता को पीटा भी है।
इतना ही नहीं, पीड़िता को दस दिनों तक अवैध तरीके से हिरासत में रखा गया। 50 से ज्यादा लोगों ने लड़की से बलात्कार किया, लेकिन पुलिस इसकी जांच को जानबूझकर लटका रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने से कतरा रही है। आश्चर्य यह है कि लड़की के बयान के पांच दिन बाद उसका मेडिकल करवाया गया।