जम्मू। जल जीवन मिशन को सुचारु रूप से लागू किया जाए। इसमें आ रही बाधाओं को दूर किया जाए। साथ ही अधिकारी जमीनी कार्यों को पूरा करने के लिए काम करे। यह बात जल शक्ति विभाग आयुक्त सचिव एम राजू ने विभिन्न योजनाओं के तहत जिला कैपेक्स योजना और अन्य विकास गतिविधियों के निर्माण की समीक्षा बैठक में कही।
इस दौरान उपायुक्त जम्मू अंशुल गर्ग ने सचिव को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से चल रहे कामों के बारे में जानकारी दी। जिला कैपेक्स योजना के निर्माण से अवगत कराया। विस्तृत समीक्षा के बाद प्रभारी सचिव ने जल जीवन मिशन को सुचारू रूप से लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जमीनी कार्यों को पूरा करने को कहा। उन्होंने पीएचई, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को भी अगस्त 2021 तक प्रोजेक्ट के तहत सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। तवी बैराज के संतुलित कार्यों को पूरा करने के लिए एसई हाइड्रोलिक को दस दिन में टेंडर जारी करने का भी निर्देश दिया। चिनाब नदी से जलापूर्ति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को जिला कैपेक्स में उन कार्यों को शामिल करने के निर्देश दिए जिनकी अनुशंसा डीडीसी और बीडीसी ने की है। इस मौके पर अन्य अधिकारी मौजूद रहे।