बुधवार को राज्यपाल एनएन वोहरा ने रियासत में बन रही सड़कों की समीक्षा की। बीआरओ, नेशनल हाईवे और मुगल रोड को लेकर नागरिक सचिवालय में राज्यपाल ने संबंधित विभागों, बीआरओ और नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में अधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई कि रियासत में दस बड़ी सड़कें 2264 किलोमीटर का क्षेत्र कवर करती हैं। जो नेशनल हाईवे के अधीन आती हैं। इसमें जम्मू श्रीनगर, बटोत, किश्तवाड़, सिमथन, उड़ी श्रीनगर और जम्मू-अखनूर-पुंछ शामिल हैं।
बताया गया कि जम्मू-श्रीनगर के काम को हर जगह शुरू किया जा चुका है। पारीमपोरा नारबल रोड के फोर लेन का काम भी चल रहा है। जम्मू-अखनूर की फोर लेन का कार्य जल्द शुरू होगा।
जोजिला टनल का काम भी शुरू हो चुका है। राज्यपाल ने सभी विभागों से कहा कि कार्य को लेकर आपस में बेहतर तालमेल बनाएं, ताकि सड़कों के निर्माण कार्य को वक्त पर पूरा किया जा सके। पीडब्ल्यूडी के सचिव से कहा कि वह स्थायी रूप से कार्य की समीक्षा करने के जिम्मेदार होंगे।