देश भर से श्री माता वैष्णो देवी के दर्शनों को आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ शीघ्र श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का लाभ मिलेगा।
ककरियाल (कटड़ा) में श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी के साथ 250 बेड टेरिटेरी केयर इस अस्पताल में बीस सुपर स्पेशलिटी शुरू की जा रही हैं। इसका पहाड़ी और दूरवर्ती इलाकों की आबादी को भी सीधा फायदा मिलेगा।
इस प्रोजेक्ट को आगामी अक्तूबर माह के अंत में जनता को समर्पित करने की योजना है। बताया जाता है कि बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्यपाल एनएन वोहरा ने अगले एक दो दिन में इस प्रोजेक्ट को लेकर बैठक बुलाई है।
सुपर स्पेशलिटी प्रोजेक्ट पर तेजी से निर्माण कार्यों को पूरा किया जा रहा है। इसके लिए आवासीय कांप्लेक्स के साथ उपकरणों और अन्य जरूरी बिंदुओं पर काम किया जा रहा है। अस्पताल को शुरू करवाने के लिए जुलाई 2014 को श्राइन बोर्ड ने नारायणा ह्रदुलया प्राइवेट लिमिटेड, बंगलरू से कंसेशन समझौता किया था।
अस्पताल के शुरू होने के बाद नर्सिंग कालेज और मेडिकल कालेज पर भी काम किया जाएगा। अस्पताल को शुरू करवाने के लिए फैकल्टी, विशेषज्ञ डाक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति को लेकर भी प्रक्रिया की जा रही है। इसमें दूसरे राज्यों से भी विशेषज्ञ डाक्टरों को लाने की तैयारी है।
इस प्रोजेक्ट में सुपर स्पेशलिटी में कार्डियो सर्जरी, कार्डियोलाजी, इंडोक्राइनोलाजी, गेस्ट्रोनोलाजी, मेडिकल एंड सर्जिकल, न्यूरोलाजी न्यूरोसर्जरी, नेफरोलाजी, अनकोलाजी मेडिसन, सर्जरी, रेडिएशन, हेमटोलाजी, थारिक सर्जरी, ट्रांसप्लांट (किडनी व लिवर), यूरोलाजी, वासकुलर सर्जरी सहित एनेथीसिया एंड क्रिटिकल केयर, बायो केमिस्ट्री, क्लीनिकल न्यूट्रीशियन एंड डायटेटिक्स, डेंटल साइंस, डरमाटोलाजी एंड कासमेटोलाजी, ईएनटी आदि स्पेशलिटी शामिल है। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में रेल संपर्क पहुंचने से यात्रियों की सहूलियत में इजाफा हुआ है। सुपर स्पेशलिटी के इस प्रोजेक्ट पर दो सौ करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।