ज्यौड़ियां। डिवकॉम डॉ. राघव लंगर ने बुधवार को खौड़ का दौरा कर क्षेत्र में बनाये गए कोरोना केयर सेंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुविधाओं का जायजा लिया। डिवकॉम ने परगवाल और ज्यौड़ियां के बीच चिनाब दरिया पर बन रहे पुल का भी निरीक्षण लिया।
डिवकॉम सबसे पहले पंचायत घर कलीठ पहुंचे। जहां पांच बिस्तर का कोरोना केयर सेंटर बनाया गया। इस मौके पर सरपंच राजेंद्र सिंह भाऊ, बीडीसी अध्यक्ष बलबीर सिंह भाऊ भी मौजूद रहे। यहां से डिवकॉम गांव चक्क मलाल के सामुदायिक हाल में पहुंचे। जहां 30 बिस्तर का कोरोना केयर सेंटर बनाया गया है। चक मलाल कोरोना केयर सेंटर, पंचायत तरोटी के मिडल स्कूल में बने कोरोना केयर सेन्टर का भी निरीक्षण किया गया। डिवकॉम ने अधिकारियों से कहा कि किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। लोगों को इस महामारी से बाहर निकालने के लिए पूरे प्रयास किए जाने चाहिए। टीमें बनाई जाएं और टीमों में शामिल लोग क्षेत्र के लोगों को किसी भी तरह से लापरवाही नहीं बरतने के प्रति जागरूक करें। बीडीसी चेयरमैन बलबीर सिंह भाऊ तथा क्षेत्र के लोगों ने डिवकॉम से चिनाब दरिया पर निर्माणधीन पुल के बारे में बातचीत करते हुए कहा कि पुल का काम अधर में है। यह पुल लोगों के लिये बहुत जरूरी है। पुल का रुका काम जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। लोगों की बात सुनने के बाद डिवकॉम ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग से जानकारी ली और पुल का निरीक्षण भी किया। लोगों को आश्वासन दिया कि पुल का काम जल्द शुरू करने की कोशिश की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर, तहसीलदार सुदेश कुमार शर्मा सहित अन्य कई प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कोविड अस्पताल में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए
अखनूर। डिवकॉम डॉ. राघव लंगर ने बुधवार को उप जिला अस्पताल और सगानी आयुर्वेद कॉलेज सहित आसपास क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कोविड बेड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने वैक्सीन सेंटर का भी जायजा लिया, जिसमें 18 साल से अधिक आयु के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही थी, और ऑक्सीजन प्लांट लगाने की समीक्षा की।
डिवकॉम ने गांव सगानी में आयुर्वेदिक कॉलेज का दौराकर मरीजों की सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। कोविड अस्पताल में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्र में लॉकडाउन की भी समीक्षा की। इस मौके पर एसडीएम चांद किशोर शर्मा, बीएमओ अशोक कुमार, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अशोक शर्मा आदि मौजूद थे।