आतंकी धमकियों के बाद श्रीनगर के महत्वपूर्ण इलाकों आसपार सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। शहर के आसपास नए बंकर भी बनाए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सैन्य शिविरों, पुलिस स्टेशनों, अस्पतालों और श्रीनगर हवाई अड्डे के अलावा विशेष रूप से उन स्थानों जहां पूर्व में आतंकी हमले हो चुके हैं उनके आसपास बंकरों की संख्या बढ़ा दी गई है।
यह कार्रवाई राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के दौरे के दौरान पिछले दो दिनों में विभिन्न बैठकों के बाद की गई है। इन बैठकों में इस बात की आशंका जताई गई थी कि पाकिस्तान समर्थक आतंकी संगठन कुछ सनसनी खेज घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।
संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में तैनात जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है तथा चौबीस घंटे सतर्कता बरतने को कहा गया है। विशेश रूप से अर्द्ध सैनिक बलों बीएसएफ और सीआरपीएफ के शिविरों के आसपास सुरक्षा और बढ़ाई गई है। पुलिस कर्मियों को जम्मू क्षेत्र के संभावित घुसपैठ वाले इलाकों में सुरक्षा चौकियों की संख्या बढ़ाने और रात्रि गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को ऐसी खुफिया रिपोर्ट मिली हैं कि आतंकी घाटी के साथ-साथ श्रीनगर के कुछ हिस्सों में खुले आम घूम रहे हैं। इसके बाद नए बंकर ऐसे स्थानों पर बनाए गए हैं जहां से शहर में प्रवेश व निकासी करने वालों पर नजर रखी जा सके।