जम्मू। अमरनाथ यात्रा को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। यात्रा के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने विभिन्न हिस्सों में सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार को इंदिरा चौक में विशेष अभियान दल ने नाका लगाकर वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान कई संदिग्ध वाहनों को रोका तथा वाहन चालकों के पहचान पत्र, यात्रा दस्तावेज और अन्य आवश्यक दस्तावेज की पड़ताल की गई।
प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती शुरू हो गई है। सुबह से देर रात तक प्रमुख बाजारों शालामार, इंदिरा चौक, डोगरा चौक, गांधी नगर तथा पुराने शहर के कई हिस्सों में पुलिस व सुरक्षा बलों की गश्त तेज की गई है। जगह-जगह नाके स्थापित कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यात्रा मार्ग और शहर के भीतर हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। अमरनाथ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है।