भारत और चीन की सीमाओं पर पिछले दिनों उभरे विवाद के बाद सोमवार को दोनों ओर की सेनाओं ने सीमा पर तनाव कम करने और आपसी संबंधों को मजबूत करने की इच्छा जताई। भारतीय सेना और चीन की पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के बीच सोमवार को बैसाखी के मौके पर लद्दाख के चूशूल सेक्टर में बैठक हुई।
इस दौरान भारतीय सेना ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर चीनी सैनिकों का दिल जीत लिया। दोनों ओर के सैन्य प्रतिनिधिमंडलों के बीच आपसी सौहार्द और अच्छे माहौल में बातचीत हुई। दोनों ओर से मैत्री की भावना और सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया गया। साथ ही वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर शांति बनाए रखने की दिशा में कदम बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
एलएसी पर शांति बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों देशों की बीच हुए समझौते का सम्मान रखने के लिए आपसी भावना मजबूत करने की बात दोहराई गई। इस दौरान भारतीय सेना का नेतृत्व ब्रिगेडियर जेकेएस विर्क ने किया, जबकि पीएलए की ओर से वरिष्ठ कर्नल ने टीम के साथ भाग लिया। इस दौरान दोनों ओर से एक-दूसरे को बधाई दी गई।