एलओसी पर नौशेरा क्षेत्र के लाम सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलाबारी का भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया है। जवाबी कार्रवाई में सेना ने चार पाक सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है। सूत्रों के अनुसार चार अन्य सैनिक घायल हुए हैं। वहीं भारतीय खेमे की तरफ किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। सोमवार को पाकिस्तान ने फिर भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की।
जानकारी के अनुसार पाकिस्तान ने रविवार को लाम सेक्टर के नियंत्रण रेखा के पास बसने वाले गांवों बाबा खोड़ी, मानपुर, डनका, लंगर, कलसिया, नभ, कडाली, सेर, मकड़ी, भवानी, झांगड़ और सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर मोर्टार के गोले दागे।
भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तान की तरफ से शाम के करीब चार बजे तक रुक-रुक कर गोलाबारी होती रही। प्रशासन ने एलओसी की तरफ जाने वाली सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया है।