भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि "पाक सेना नागरिक क्षेत्रों को निशाना न बनाए," बीते 24 घंटे में पाकिस्तानी सेना ने कृष्णाघाटी और सुंदरबनी के चुनिंदा इलाकों में भारी गोलाबारी की है।
भारतीय सेना द्वारा जवाबी कार्रवाई करते हुए पाक सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। सेना ने बताया कि इस गोलाबारी में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। भारतीय सेना ने कहा कि एक पेशेवर सेना के रूप में विशेष तौर से एलओसी पर नागरिक नुकसान न होने देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे रक्षा बलों द्वारा की गई हर कार्रवाई आतंकरोधी या आतंकी ठिकानों पर केंद्रित होती है। सेना ने कहा कि हम नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर कार्रवाई नागरिक क्षेत्रों से दूरी पर करते हैं।
पाकिस्तान ने एलओसी पर जम्मू से लेकर पुंछ तक बुधवार को भी गोलाबारी जारी रखी। नौशेरा, सुंदरबनी, पलांवाला सेक्टरों में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। सेना ने करारा जवाब दिया है। इसमें तत्तापानी इलाके में पाकिस्तान की कई चौकियों के तबाह होने की सूचना है।
पुंछ जिले के कृष्णा घाटी और मनकोट सेक्टर में मंगलवार की शाम छह बजे से शुरू हुई गोलाबारी अगले दिन बुधवार को दोपहर 12 बजे तक जारी रही। पाकिस्तान ने सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया। सूत्रों के अनुसार जवाबी कार्रवाई में बलनोई के उस पार पाकिस्तान अधिकृत तत्तापानी इलाके में कई पाकिस्तानी चौकियां तबाह हो गई हैं। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी धीरे-धीरे कम होती गई। लगातार 18 घंटे तक गोलाबारी से सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर के कलाल, बाबाखोडी व मंगयोट क्षेत्र में सुबह 10.50 बजे पाकिस्तान ने गोले दागने शुरू कर दिए। मंगयोट के रिहायशी क्षेत्र में मोर्टार दागा, हालांकि उसमें विस्फोट नहीं होने से कोई नुकसान नहीं हुआ है। सुंदरबनी तहसील के सीमावर्ती गांव मिनका और बेरीपत्तन में सुबह करीब साढ़े 10 बजे अग्रिम चौकियों के साथ रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बीच में मोर्टार भी दागे गए। हालांकि, मोर्टार खाली जगह पर गिरने से कोई नुकसान नहीं हुआ। करीब 11:30 बजे तक दोनों तरफ से गोलाबारी होती रही।
जम्मू जिले के पलांवाला सेक्टर के केरी, बटल तथा नथु टिब्बा क्षेत्र में मंगलवार की रात को पाकिस्तानी सेना की तरफ से सीजफायर का उल्लंघन किया गया। देर रात शुरू हुई गोलाबारी बुधवार सुबह 10 बजे तक जारी रही। पाकिस्तानी गोलाबारी से दहशत के बाद भी क्षेत्र के लोग अपने घरों में डटे हैं।