उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पेट्रोलिंग के दौरान पेड़ गिरने से मृत सेना के जवान को श्रीनगर स्थित सेना की 15वीं कोर मुख्यालय में वीरवार को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने शहीद जवान को पुष्प अर्पित किये। पुलिस के अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे।
सेना प्रवक्ता ने बताया कि नायक रमनदीप सिंह उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले से सटी एलओसी के करीब फरकियां सेक्टर में उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए जब उन पर एक पेड़ आ गिरा। वह 16 जुलाई को एलओसी पर एक ऑपरेशनल पेट्रोल पार्टी को लीड कर रहे थे।
गंभीर रूप से घायल जवान को 168 सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। रमनदीप सिंह (35) 2002 में सेना में भर्ती हुए थे। वह पंजाब के जिला संगरूर की धुरी तहसील के टिब्बा गांव के थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा-बेटी हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि श्रद्धांजलि के बाद शहीद का पार्थिव शरीर पैतृक गांव रवाना कर दिया गया जहां पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सेना परिवार के साथ खड़ी है और उनकी हर मदद के लिए प्रतिबद्ध है।