जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में सेना ने पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर घुसपैठ कर रहे छह आतंकियों को वापस खदेड़ा हैं। सेना के मुताबिक यह आतंकी 500 मीटर अंदर तक घुस आए थे, जिन्हें सेना के सतर्क जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए वापस पीओके खदेड़ दिया है। इस मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि घाटी में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती के फैसले के बाद पाकिस्तान में बैठे आतंकी जम्मू-कश्मीर में बड़े आत्मघाती हमले की फिराक में हैं। सूत्रों के मुताबिक ये आतंकी पाकिस्तान के पेशावर और मुजफ्फराबाद में मौजूद हैं। ये आतंकी और पाक का बैट दस्ता सीमा पर तैनात सेना के जवानों पर हमला करने की भी फिराक में हैं।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में जैश सरगना मसूद अजहर के भाई इब्राहिम अजहर को देखा गया है। सूत्रों के मुताबिक इब्राहिम अजहर अपने 15 आतंकी गुर्गों के साथ मरकज, सनान बिन सलमा, तरनब फार्म, पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग आतंकी कैंपों में देखा गया।
खैबर पख्तूनख्वा के जमरूद इलाके में इनकी ट्रेनिंग हुई है। इन 15 आतंकियों को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराने के लिए खास तौर पर प्रशिक्षित किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमरनाथ यात्रा को लेकर खुफिया सूचना के हवाले से आतंकी खतरे की बात कहते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें तीर्थयात्रियों को घाटी से जल्द से जल्द लौटने की सलाह दी गई थी।