जम्मू-कश्मीर में एलओसी पर राजोरी जिले के केरी सेक्टर में रविवार को पाकिस्तान की पेट्रोलिंग पार्टी के वाहनों को आईईडी लगाकर उड़ाने की साजिश नाकाम कर दी गई। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि आईईडी को निष्क्रिय कर दिया गया है।
सेना की पेट्रोलिंग पार्टी ने शाम चार बजे केरी सेक्टर में अग्रिम पोस्ट के बिल्कुल करीब संदिग्ध वस्तु देखी। जांच करने पर पता चला कि जमीन खोदकर आईईडी प्लांट की गई है। इसके बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया, जिसने उसे निष्क्रिय किया।
सूत्रों ने बताया कि आईईडी पांच से सात किलो की थी। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की यह बॉर्डर एक्शन टीम (बैट) के हमले की भी साजिश हो सकती है। आईईडी धमाका कर ज्यादा से ज्यादा सैनिकों को नुकसान पहुंचाने की साजिश के तहत यह कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, सेना की ओर से इस पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। पाकिस्तान की इससे पहले भी कई बार आईईडी लगाकर धमाका करने की साजिश को सेना ने नाकाम बनाया है।
आईईडी बरामद होने के बाद एलओसी पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। जवानों को दुश्मनों की हरकतों पर नजर रखने को कहा गया है। साथ ही पेट्रोलिंग के दौरान विशेष एहतियात बरतने को भी कहा गया है, ताकि अन्य स्थानों पर यदि आईईडी प्लांट की गई हो तो उसका समय से पता लगाया जा सके।
जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से आतंकी घुसपैठ की आशंका, हाईवे तक सुरक्षा कड़ी
सीमा पार से आतंकी घुसपैठ की आशंका के चलते नए साल पर सुरक्षा इंतजाम चाक चौबंद कर दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने अपने खुफिया तंत्र को अगले तीन दिन अलर्ट पर रखा है। पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर सरहद से लेकर हाईवे तक सुरक्षा कड़ी कर दी है। हाइवे पर सुरक्षाबलों को गश्त करने के लिए लगाया गया है। अगले तीन दिन पुलिस के अफसर भी अपने-अपने इलाके में मौजूद रहेंगे। उन्हें स्टेशन न छोड़ने को कहा गया है।
नेशनल हाइवे पर लखनपुर से लेकर उधमपुर तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पहले से मौजूद नाकों के अलावा कुछ अतिरिक्त नाके स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा सांबा, कठुआ, जम्मू, राजोरी और पुंछ जिलों के सरहद से शहर को जोड़ने वाले तमाम इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। इन इलाकों में कोहरे की आड़ में सीमापार से घुसपैठ की आशंका है।
पूरा अमला सक्रिय
सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त हैं। पुलिस और तमाम एजेंसियां सक्रिय हैं। सुरक्षा के थ्री टायर बंदोबस्त हैं। बार्डर और एलओसी पर सेना एवं बीएसएफ पहले से तैनात और मुस्तैद हैं। शहर और अन्य इलाकों में भी पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं। विशेष नाकों के साथ रात के समय विशेष गश्त की जा रही है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों के सरपंचों को भी विश्वास में लिया है। इसके अलावा लोगों को चाहिए कि वह कहीं भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या फिर किसी को संदिग्ध घूमता देखें तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।-विवेक गुप्ता, डीआईजी, जेके पुलिस