बुधवार को दोपहर बाद पुंछ जिले की मेंडर तहसील के कृष्णाघाटी क्षेत्र में घुसपैठ के प्रयास के बाद राजोरी पुंछ सीमावर्ती जिलों में भारतीय सेना में हाई एलर्ट घोषित कर दिया है। आने वाले दिनों में घुसपैठ के प्रयास में तेजी आने की आशंका जताते हुए सेना ने अपनी चौकसी को पहले से बढ़ा दिया है।
खुफिया एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार आगे सर्दियों का सीजन शुरू होने और बर्फबारी से पहले एलओसी के उस पार पाक द्वारा ट्रेंड आतंकवादी भी सक्रिय हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से नियंत्रण रेखा के उस पार आतंकवादियों की मूवमेंट भी पहले से कहीं अधिक देखी जा रही है।
सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि उस पार आईएसआई के उच्च अधिकारी व आतंकवादियों के आका बढ़े पैमाने पर घुसपैठ करवाने के लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं। बर्फबारी से पहले आतंकवादियों के घुसपैठ की संभावना पहले भी बढ़ जाती हैं। इसे लेकर सेना ने भी पूरी तैयारी से एलओसी पर सतर्कता बढ़ा दी है।
यहां बढ़ा दी चौकसी
पुंछ जिले की मेंडर महसील के बालाकोट, सूनी गली, बलनोई, पुंछ के साब्जियां, मंडी, चक्कां दा बाग, लोरन, राजोरी के नौशेरा तहसील के केरी झांगड़ सेक्टर, शेर बकरी, मंजाकोट के गंभीर मुगलां, नैक्का पंजग्राई, तारकुंडी गली आदि एलओसी क्षेत्रों में घुसपैठ के लिए संघर्ष विराम के उल्लंघन होने की आशंका जताई है।
खूफिया एजेंसियों व सैन्य सूत्रों के अनुसार सेना इन सभी क्षेत्रों में हाई एलर्ट पर है। पिछले कुछ दिनों से उस पार बढ़ी आतंकवादियों की मूवमेंट की बुधवार को उस समय पुष्टि भी हो गई जब मेंडर के कृष्णाघाटी क्षेत्र से पाक ट्रेंड आतंकवादियों ने घुसपैठ का प्रयास किया।
इसमें भारतीय सेना के जवानों ने घुसपैठ का मूंह तोड़ जवाब देते हुए एक आतंकवादी को मौके पर ही मार गिराया व एक सैन्य लांस नायक ने शहादत भी दे दी। आने वाले दिनों में वह फिर से किसी अन्य क्षेत्र से घुसपैठ के प्रयास कर सकते हैं। राजोरी स्थित सेना के उच्च अधिकारी के अनुसार दोनों सीमावर्ती जिलों में सेना को हाई एलर्ट पर रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
200 से ज्यादा आतंकी घुसपैठ की तैयारियों में
पाकिस्तान के घुसपैठ के किसी भी प्रयास को विफल करने व आतंकवादियों को वहीं ढेर करने के लिए सेना पूरी तरह से तैयार व सक्षम होने की बात कहते हुए अधिकारी ने माना कि संघर्ष विराम के उल्लंघन की आड़ में घुसपैठ के प्रयासों से इंकार नहीं किया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि पहले भी सेना के उच्च अधिकारी एलओसी के उस पार 200 से 250 के करीब पाक ट्रेंड आतंकवादियों के होने की पुष्टि कर चुके हैं। वहीं सैन्य सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान द्वारा एलओसी के इस और भारतीय चौकियों पर सेना के जवनों को निशाना बनाने के लिए बैट हमले की तैयारी भी है।
पाक की बार्डर एक्षन टीम तथा पाक सेना संयुक्त रूप से इस रणनीति को तैयार कर सेना को नुकसान पहुंचाने की फिराक में है। उल्लेखनिय है कि पहले भी पाक की बैट टीम ने पुंछ जिले के एमओसी क्षेत्र में बैट हमले में भारतीय सेना के जवानों के सर काट अपने साथ ले गए थे।