केंद्रीय बिजली मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल का कहना है कि भारत हर मुल्क के साथ दोस्ताना संबंध चाहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छह माह के कार्यकाल के दौरान ही इस दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाए है।
उनकी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति से यह साबित हो गया है कि अमेरिका या फिर जापान, नेपाल हो या श्रीलंका, आस्ट्रेलिया हो या फिर भूटान हर कोई भारत की कवायद का मुरीद दिख रहा है।
भाजपा के कार्र्यक्रम में हिस्सा लेने जम्मू आए गोयल ने सार्क देशों के सम्मेलन में मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच मुलाकात के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि भारत हर किसी से मैत्री चाहता है। सार्क देश अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार ढंग से भूमिका निभाएं इसके लिए भारत अगुवाई करने को तैयार है।
भारत पड़ोसी देशों के साथ बड़े र्भाई की तरह नहीं बल्कि समान व्यवहार करना चाहता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हालात बदल चुके हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न्योता मिलते ही स्वीकार कर लिया।
कोयला खदानों से जुड़े सवाल पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मामलों का जल्द निपटारा हो और कोयला खदानों में तेजी से काम हो इस दिशा में केंद्र सरकार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि रियासत में भाजपा की लहर है। इसका संकेत जबर्दस्त मतदान से भी मिल रहा है।