जम्मू-कश्मीर में विधान परिषद की छह सीटों के लिए नामांकन भरने वाले सभी आठ उम्मीदवारों के पर्चे जांच में वैध पाए गए हैं। चुनाव के रिटर्निंग अफसर मोहम्मद रमजान ने वीरवार को उम्मीदवारों की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की जांच की और उन्हें वैध बताया। भाजपा से सबसे ज्यादा चार उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।
इनमें जम्मू संभाग से विक्रम रंधावा, पुंछ जिले से प्रदीप शर्मा और कश्मीर प्रोवेंस की एक सीट के लिए गिरधारी लाल रैणा उर्फ अजय भारती और अशोक कुमार भट्ट (कवरिंग उम्मीदवार) ने नामांकन भरा है। पीडीपी से जम्मू संभाग की सीट से अब्दुल क्यूम डार और कश्मीर संभाग से यासिर रेशी ने पर्चा दाखिल किया हुआ है।
कांग्रेस से जम्मू संभाग की सीट के लिए ठाकुर बलबीर सिंह और नेशनल कांफ्रेंस से आगा सईद महमूद ने पर्चा भरा हुआ है। रिटर्निंग अफसर मोहम्मद रमजान का कहना है कि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख तीन अप्रैल 2017 को है और अगर जरूरी हुआ तो चुनाव 17 अप्रैल 2017 को होगा।