बाड़ी ब्राह्मणा। औद्योगिक क्षेत्र के फेस चार काला गेट में स्थित एक फैक्टरी में काम कर रहे श्रमिक की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि श्रमिक का पूरा शरीर मशीन में पिस गया। फैक्टरी में चॉकलेट के साथ कोकोआ पाउडर भी तैयार किया जाता है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम फैक्टरी का श्रमिक गोविंद मोहिंदर निवासी नौशेरा (राजौरी) मशीन की साफ-सफाई कर रहा था। इस दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में ग्राइंडर मशीन की चपेट में आ गया। मशीन ने उसका पूरा शरीर क्षत-विक्षत कर दिया। बताया जा रहा है कि शरीर के टुकड़े पॉलिथीन के तीन लिफाफों में भरने पड़े, जिसके बाद शव को जीएमसी जम्मू में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धारा 287 और 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसमें मैनेजमेंट की लापरवाही के कारण कर्मचारी की मौत का मामला सामने आया है।
थाना प्रभारी बाड़ी ब्राह्मणा राकेश शर्मा का कहना है कि श्रमिक की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। किन कारणों से हादसा हुआ है, इसके बारे में पता चलाया जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। फिलहाल फैक्टरी के मैनेजमेंट पर लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।