रामबन। जिले के गूल के गुंडी धादम क्षेत्र में वीरवार दोपहर एक व्यक्ति की सिम नाला में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद इरफान उर्फ आरिफ 21 निवासी धादम गूल के रूप में हुई है। वह धादम में रेलवे टनल निर्माण कार्य में लगी कंपनी में काम करता था।
पुलिस ने कहा कि इरफान का शव उसके सहयोगियों ने टनल के पास सिम नाला के पानी में पड़ा देखा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गूल भेजा गया। एसएचओ गूल इंस्पेक्टर मुनीर अहमद खान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के असल कारणों का पता चलेगा। 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।